Chandauli News: अनफिट स्कूली वाहनों पर एडीएम सख्त, बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहन होंगे सीज

Chandauli News: चंदौली में अनफिट स्कूली वाहनों और लापरवाह चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एडीएम राजेश कुमार ने बिना फिटनेस, ओवरलोडिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए।

Sunil Kumar
Published on: 10 Aug 2026 6:32 PM IST
Chandauli News: अनफिट स्कूली वाहनों पर एडीएम सख्त, बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहन होंगे सीज
X

Chandauli News

Chandauli News: जिले में अब अनफिट स्कूली वाहनों और लापरवाह चालकों की खैर नहीं है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित 'जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति' की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार के तेवर बेहद तल्ख नजर आए। उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने वाले स्कूल प्रशासन और वाहन मालिकों पर अब कोई रहम नहीं बरता जाएगा।प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब नियम तोड़कर बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन स्वामियों पर सीधी कार्रवाई होना तय है।

सड़क पर उतरेगा उड़नदस्ता: एक-एक वाहन की होगी गहन चेकिंग

एडीएम ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को निर्देश दिया है कि वे केवल कागजी चेकिंग न करें, बल्कि सड़क पर उतरकर एक-एक स्कूली बस, वैन और ई-रिक्शा की कड़ाई से जांच करें।तल्ख़ तेवर और कड़े नियम: नो फिटनेस, नो एंट्री: बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट दौड़ रहे वाहनों को तुरंत सीज किया जाएगा। ओवरलोडिंग पर लगेगी ब्रेक: क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने पर गाड़ियाँ जब्त होंगी।चालकों का सत्यापन अनिवार्य: बिना पुलिस वेरिफिकेशन के कोई भी ड्राइवर गाड़ी नहीं चला सकेगा।कैंसल होंगे लाइसेंस: नशे में या तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों के लाइसेंस सीधे रद्द किए जाएंगे।

दुर्घटना हुई तो स्कूल प्रबंधन भी भुगतेगा परिणाम

बैठक में एडीएम ने साफ किया कि हर स्कूली वाहन में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशामक यंत्र का चालू हालत में होना अनिवार्य है। यदि किसी अनफिट या अवैध वाहन से कोई हादसा होता है, तो केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि संबंधित स्कूल प्रशासन को भी बराबर का जिम्मेदार मानकर कानूनी शिकंजे में कसा जाएगा।

अधिकारियों की मौजूदगी में दी गई सख्त चेतावनी

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना चेकिंग अभियान चलाकर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।इस बैठक में आरटीओ अभिषेक सिंह, एआरटीओ सर्वेश गौतम, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story