TRENDING TAGS :
Chandauli News: बकरीद को लेकर चंदौली में प्रशासन अलर्ट,नमाजी ने की अपने कौन से अपील
Chandauli News : चंदौली में बकरीद शांतिपूर्ण संपन्न, नमाजी साजिद ने कुर्बानी और सोशल मीडिया को लेकर लोगों से की खास अपील।
Chandauli Bakrid 2026:
Chandauli News : चंदौली में बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सदर थाना क्षेत्र के सकलडीहा रोड स्थित ईदगाह में तथा सकलडीहा कस्बा सहित जनपद में अन्य ईदगाहों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश, प्रदेश और समाज में अमन-चैन, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ मांगी।
पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उप जिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए सकलडीहा रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई थी। इसके चलते नमाजियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और पूरे कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित ढंग से हुआ।नमाज के बाद ईदगाह परिसर में मौजूद नमाजी साजिद ने मुस्लिम समुदाय से महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी करते समय शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जाए और कानून का सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस देश में हम रहते हैं, वहां के नियमों और कानूनों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।साजिद ने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा न करें, ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने देशभर के मुस्लिम भाइयों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से चंदौली में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


