TRENDING TAGS :
Chandauli News: बिशुनपुरा में स्वास्थ्य विभाग के भवन में बनी पुलिस चौकी, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
Chandauli News: चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में स्वास्थ्य विभाग के भवन में पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े परिसर में जुआरियों और अराजक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में स्वास्थ्य विभाग के भवन में अब पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है। लंबे समय से अराजक तत्वों, जुआरियों और चोरों का अड्डा बने स्वास्थ्य विभाग के इस परिसर को अब पुलिस की मौजूदगी से नई पहचान मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग की स्वीकृति के बाद शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने यहां पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू कराया है। इस पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया है।
बताया जाता है कि बिशुनपुरा स्थित स्वास्थ्य विभाग का भवन लंबे समय से उपेक्षित पड़ा था। वह पूरा परिसर झाड़ झंखाड़ से पता था,इसका फायदा उठाकर अराजक तत्वों और जुआरियों ने परिसर को अपना ठिकाना बना लिया था। आए दिन यहां चोरी की घटनाएं भी होती थीं। चिकित्सालय परिसर के दरवाजे, खिड़कियां और सोलर पैनल तक चोरों के निशाने पर रहते थे। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लंबे समय से यहां पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की जा रही थी।स्थानीय स्तर पर देखा जाए तो चंदौली के नवहीं से लेकर चकिया तक कांटा-बिशुनपुरा मार्ग पर पुलिस की कोई चौकी नहीं थी। इस कारण क्षेत्र में पशु तस्करों, अपराधियों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में दिक्कत होती थी। अब बिशुनपुरा में पुलिस चौकी स्थापित होने से इस मार्ग पर पुलिस की निगरानी बढ़ेगी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह जनसहयोग से पुलिस चौकी के निर्माण का कार्य करा रहे हैं। उनका कहना है कि यह क्षेत्र काफी समय से अपराध और अराजक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ था। स्वास्थ्य विभाग की पहल और स्वीकृति मिलने के बाद यहां पुलिस चौकी स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।वहीं, चंदौली सदर के प्राथमिक चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी हीरालाल ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी स्थापित होने से स्वास्थ्य विभाग के भवन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही मेडिकल स्टाफ भी अब वहां रुककर मरीजों का उपचार कर सकेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।पुलिस चौकी बनने की पहल से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों का मानना है कि पुलिस की नियमित मौजूदगी से न केवल चोरी और जुआखोरी जैसी गतिविधियों पर रोक लगेगी, बल्कि पशु तस्करी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी कमी आएगी। अब लोगों को उम्मीद है कि बिशुनपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।


