TRENDING TAGS :
Chandauli News: भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक घायल, पांच गिरफ्तार
Chandauli News: चकिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक घायल, पांच गिरफ्तार, वाहन व हथियार बरामद।
Chandauli Buffalo Theft Case
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से सक्रिय भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। चकिया कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार किए गए। इनमें चार आरोपियों को मौके से दबोचा गया, जबकि पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश का इलाज जिला अस्पताल चकिया में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीते कई दिनों से चकिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रात के समय भैंस चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। इन वारदातों से पशुपालकों में दहशत का माहौल था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गिरोह की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद चकिया कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि भैंस चोर गिरोह के सदस्य चोरी की नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और चार शातिर आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक मैजिक वाहन भी बरामद हुआ, जिसका उपयोग चोरी की गई भैंसों को लादकर ले जाने में किया जाता था।
कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक अन्य सदस्य तमंचे से पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और नाले के समीप घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरता देख आरोपी ने फिर से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल चकिया भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मैजिक वाहन बरामद किया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी की गई भैंसों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


