TRENDING TAGS :
Chandauli News: नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव की पाल बस्ती में नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बेलवानी गांव निवासी हीरालाल पाल के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन और तीन वर्षीय पुत्री अनुप्रिया सोमवार को घर के पास स्थित नहर पार कर दुकान पर कुछ सामान लेने गए थे। बताया जाता है कि उसी दिन नहर में पानी छोड़ा गया था, जिससे पानी का बहाव तेज था। सामान लेकर वापस लौटते समय दोनों बच्चे नहर पार करने लगे, तभी तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगे।
बच्चों को बहता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल नहर में छलांग लगाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने कुछ दूरी पर दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया और आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता हीरालाल पाल, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, दो दिन पहले ही नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। घटना की सूचना मिलने पर वह भी स्तब्ध रह गए।
ग्रामीणों के अनुसार हीरालाल पाल का मकान नहर के किनारे स्थित है। परिवार में अब केवल छह माह का एक मासूम बच्चा बचा है, जिस पर माता-पिता की सारी उम्मीदें टिकी हैं। दो बच्चों की एक साथ मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया है और हर आंख नम दिखाई दी।इस हृदयविदारक घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। परिजन दोनों मासूमों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए बलुआ घाट ले गए, जहां नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।


