TRENDING TAGS :
Chandauli News: पुलिस को देख गंगा में कूदे गो-तस्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर, वाहन सहित गोवंश बरामद
Chandauli News: बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान गंगा में कूदे दो गो-तस्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर, मैजिक वाहन और गोवंश बरामद।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में सैदपुर-बलुआ गंगा पुल पर शनिवार को गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस की चेकिंग देखकर गो-तस्करों से भरी दो गाड़ियों में सवार तस्करों ने बचने के प्रयास में गंगा नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक मैजिक वाहन तथा उसमें लदे गोवंश बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बलुआ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाजीपुर की ओर से गोवंश लादकर तस्कर सैदपुर-बलुआ गंगा पुल के रास्ते आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पुल पर नाकेबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मारूफपुर के पास पुल के किनारे दो संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिए।
पुलिस को देखकर वाहन सवार तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तारी के डर से दो तस्करों ने गाड़ी छोड़कर सीधे गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक तस्कर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे गो-तस्करों ने पुलिस को देखकर गंगा में छलांग लगा दी। पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन और गोवंश बरामद कर लिया है। घायल तस्कर का उपचार कराया जा रहा है, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


