TRENDING TAGS :
Chandauli News: दबंगों का उत्पात, जूस की दुकान में तोड़फोड़, मची अफरा-तफरी
Chandauli News: चंदौली के चकिया बाजार में जूस की दुकान पर दबंगों ने तोड़फोड़ की, अफरा-तफरी मची, पुलिस जांच में जुटी।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले के चकिया कस्बे में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ मनबढ़ युवकों ने बीच बाजार स्थित एक जूस की दुकान पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। घटना से बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चकिया कस्बे के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित मैंगो जूस और चिखना की दुकान पर कुछ युवक पहुंचे। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर दुकानदार से कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए वहां रखा सामान बिखेर दिया।
आरोप है कि दबंग युवकों ने जूस की ठेला भी पलट दी, जिससे दुकान का काफी नुकसान हुआ। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया और दुकानदार से घटना की जानकारी ली। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित युवक वहां से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बाजार क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाया जाता है, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल बना रहता है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


