Chandauli: कांग्रेस ने व्यापारियों के उत्पीड़न और पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर दिया धरना,दी चेतावनी

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में कांग्रेस ने व्यापारियों के कथित उत्पीड़न, सड़क चौड़ीकरण में अनियमितता और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार धरना दिया।

Ashvini Mishra
Published on: 16 May 2026 6:40 PM IST
Chandauli: कांग्रेस ने व्यापारियों के उत्पीड़न और पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर दिया धरना,दी चेतावनी
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय में शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी तथा शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सुभाष पार्क में एकत्र होकर प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सड़क चौड़ीकरण अभियान, व्यापारियों के पुनर्वास, बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस खुलकर मुखर दिखाई दी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रभावित हो रहे व्यापारियों और मकान मालिकों को उचित मुआवजा दिए जाने की जोरदार मांग उठाई। नेताओं का कहना था कि बिना स्पष्ट सीमांकन और पर्याप्त सूचना के बुलडोजर कार्रवाई किया जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है, जिससे आम व्यापारियों और परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना नियमानुसार प्रक्रिया पूरी किए लोगों पर दबाव बनाकर कार्रवाई कर रहा है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों और परिवारों के पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था की जाए, ताकि किसी का रोजगार और जीवन प्रभावित न हो। साथ ही जीटी रोड पर फैले मलबे और गंदगी को तत्काल हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम जनता को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

धरना के दौरान कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर गंभीर नहीं दिख रही है।कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। साथ ही जिला मुख्यालय पर डीएम कार्यालय के घेराव की भी चेतावनी दी गई। मुगलसराय के सुभाष पार्क में हुआ यह प्रदर्शन पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और प्रशासनिक अमला भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए रहा।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story