TRENDING TAGS :
Chandauli News: चंदौली में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, निर्वाचन प्रक्रिया की जांच की मा
Chandauli News: चंदौली के शहाबगंज में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच की मांग की।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहाबगंज के तत्वावधान में गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। ब्लॉक अध्यक्ष नियाज अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर प्रतिमा से नगर भ्रमण करते हुए ब्लॉक मुख्यालय तक मार्च निकाला। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित पत्रक खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शहाबगंज को सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में कथित वोट चोरी और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विरोध जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराने की मांग भी उठाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि पिछले दस महीनों के दौरान दो निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कई निर्णयों पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं। उन्होंने दावा किया कि इन आपत्तियों में एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रीकृत किए जाने जैसे मुद्दे शामिल थे।
धरना में पहुंचे जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच पैदा हुए सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
उन्होंने जीजी थॉमसन के कथित बयान का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि इससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
मार्च के दौरान विजय त्रिपाठी, रामानंद यादव, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, प्रताप पांडेय, गंगा प्रसाद, बद्रुद्वजा अंसारी, राजेंद्र गौतम, जुगल किशोर, राजू कुमार, नियाज अहमद, प्रेमचंद गुप्ता, कमलेश संत, शिवतपस्या तिवारी, श्रीकांत पाठक, रामबचन, रामचंद्र वंश यादव, विकास खरवार, मिठाई राम, कृपाशंकर सिंह, रामबली, असलम ऐखल, गोविंद यादव, संतोष चौबे, रामनगिना राम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष नियाज अहमद ने की, जबकि संचालन बद्रुद्वजा अंसारी ने किया।


