Chandauli News: चक्रवाती तूफान को लेकर डीएम ने किया अलर्ट,24 घंटे सक्रिय हुआ आपदा कंट्रोल रूम

Chandauli News: चंदौली में चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए डीएम ने अलर्ट जारी किया। आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

Ashvini Mishra
Published on: 29 Oct 2026 12:46 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद में बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान व मौसम तंत्र और उसके संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जनपद में आपदा से निपटने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन कक्ष में 24 घंटे सातों दिन आपदा कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती मौसम के कारण मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। तेज हवाओं, बारिश, जलभराव अथवा अन्य किसी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग पारियों में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी समय प्राप्त होने वाली सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए आपदा कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 1077 एवं 262100 जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव, तेज हवाओं से नुकसान, दुर्घटना या राहत एवं बचाव कार्य की आवश्यकता होने पर नागरिक इन नंबरों पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा।

डीएम ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व और स्थानीय निकाय समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री, उपकरण और संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story