Chandauli News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में धानापुर ब्लॉक के 47 जोड़ों ने लिए सात फेरे

Chandauli News: धानापुर विकास खंड परिसर में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

Ashvini Mishra
Published on: 3 Aug 2026 8:59 PM IST
Chandauli News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में धानापुर ब्लॉक के 47 जोड़ों ने लिए सात फेरे
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के धानापुर विकास खंड परिसर में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के 47 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार धानापुर ब्लॉक क्षेत्र से कुल 51 लाभार्थियों ने योजना के तहत आवेदन किया था। जांच के उपरांत 49 जोड़ों का चयन किया गया। इनमें से 47 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। एक जोड़े ने व्यक्तिगत कारणों से विवाह करने से इनकार कर दिया, जबकि एक अन्य लाभार्थी जांच में अपात्र पाए जाने के कारण योजना का लाभ नहीं ले सका।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की पत्नी किरण सिंह शामिल हुईं। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, मीरा सिंह सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

विवाह मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वर-वधू एवं उनके परिजनों के लिए बैठने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच सभी वैवाहिक रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं।

समाज कल्याण विभाग के एसडीओ सौरभ सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत वधू की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है। प्रत्येक विवाह पर सरकार की ओर से कुल 64 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये मूल्य का घरेलू उपयोग का सामान नवदंपति को उपलब्ध कराया जाता है, जबकि 15 हजार रुपये विवाह समारोह एवं खानपान की व्यवस्था पर व्यय किए जाते हैं।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के कमजोर वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की गई।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story