Chandauli News: धानापुर में किसानों को बटे मुफ्त बीज, विधायक ने दलहन-तिलहन के लिए किया प्रेरित

Chandauli News: चंदौली के धानापुर में 76 किसानों को चना, मटर और सरसों के मिनी किट मुफ्त वितरित किए गए और दलहन-तिलहन खेती के लिए प्रेरित किया गया।

Sunil Kumar
Published on: 1 Oct 2026 6:06 PM IST
Chandauli News: धानापुर में किसानों को बटे मुफ्त बीज, विधायक ने दलहन-तिलहन के लिए किया प्रेरित
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के विकास खंड धानापुर सभागार में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत एक विशेष कृषि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की मौजूदगी में 76 किसानों को चना, मटर और सरसों के मिनी किट निःशुल्क बांटे गए। विधायक ने किसानों को संबोधित करते हुए पारंपरिक फसलों के साथ-साथ दलहनी और तिलहनी फसलों को अपनाने का जोरदार आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना है। आधुनिक तकनीक और उन्नत किस्म के बीजों का प्रयोग करके किसान अपने उत्पादन को कई गुना बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग ने अनुदानित बीजों की बुकिंग की स्थिति साझा की और शेष बचे बीजों के लिए किसानों से तुरंत ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। निःशुल्क बीजों के वितरण से किसान बेहद खुश नजर आए। विधायक ने सभी से सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उठाने का आग्रह किया ताकि जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल सके।विधायक सुशील सिंह ने कहा कि सिर्फ धान और गेहूं की खेती तक सीमित रहने के बजाय किसानों को दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाना चाहिए। इससे कम लागत और कम पानी में बेहतर मुनाफा मिलता है। साथ ही, मिट्टी की सेहत में भी सुधार होता है। सरकार का यह प्रयास है कि हर किसान तक समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज पहुंचे ताकि पैदावार में कोई कमी न आए।

50 फीसदी सब्सिडी पर बीजों की बुकिंग जारी

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिले में गेहूं, चना, मटर और मसूर के बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। अब तक गेहूं की 80%, चना की 85%, मटर की 116% और मसूर की 50% बुकिंग हो चुकी है। जिन किसान भाइयों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे जल्द से जल्द कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल (agriculture.up.gov.in) पर जाकर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें।

दर्जनों किसान और विभागीय अधिकारी रहे मौजूद

मुफ्त बीज पाकर रमेश सिंह, विपिन सिंह, कमला यादव और अवसार अहमद सहित अनेक किसानों ने खुशी जताई। कार्यक्रम के दौरान सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राम विजय समेत कृषि विभाग के कई कर्मचारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story