Chandauli News: धानापुर को मिली तीन रोडवेज बसों की सौगात, विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने दिखाई हरी झंडी

Chandauli News : धानापुर क्षेत्र को तीन रोडवेज बसों की सौगात, विधायक सुशील सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाराणसी, मुगलसराय रूट की सेवा शुरू की।

Ashvini Mishra
Published on: 25 May 2026 11:02 AM IST
Chandauli News: धानापुर को मिली तीन रोडवेज बसों की सौगात, विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने दिखाई हरी झंडी
X

Chandauli News 

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र के लोगों को अब आवागमन में बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी, जिसे शासन ने स्वीकार करते हुए धानापुर क्षेत्र के लिए तीन रोडवेज बसें आवंटित कर दी हैं। सोमवार से इन बसों का संचालन औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया।

विधायक ने दिखाई हरी झंडी

यहां सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बस स्टैंड से शहीद पार्क तक रोडवेज बस में यात्रा कर शुभारंभ किया तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन भी किया गया। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि धानापुर क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा बंद होने से लोगों को वाराणसी, चंदौली और मुगलसराय आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब बस सेवा शुरू होने से छात्र, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात सुविधा के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि वर्षों बाद रोडवेज बस सेवा बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को अब निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और कम खर्च में सुरक्षित यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

क्या होगा बसों का रूट?

नई बस सेवाओं के तहत पहली बस कवलपुरा से चहनिया और बलुआ होते हुए वाराणसी तक जाएगी। दूसरी बस नगवा से धानापुर, सकलडीहा और चंदौली होते हुए मुगलसराय तक संचालित होगी। वहीं तीसरी बस महुजी से कमालपुर, सकलडीहा और चंदौली होते हुए मुगलसराय एवं पड़ाव तक जाएगी। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बसों का समय स्थानीय जनता की मांग और सुविधा के अनुसार निर्धारित किया जाएगा। कार्यक्रम में एआरएम विजय श्रीवास्तव, फोरमैन मनोज पटेल, एसएसआई भद्रसेल पांडेय, सच्चिदानंद शुक्ला सहित विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story