TRENDING TAGS :
Chandauli News : DIG वैभव कृष्ण ने किया थानों का औचक निरीक्षण, अपराधियों पर नकेल कसने के दिए निर्देश
Chandauli News: चंदौली में डीआईजी वैभव कृष्ण ने थानों का औचक निरीक्षण किया, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश।
Chandauli News
Chandauli News:उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और जमीनी हकीकत जानने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी (DIG) वैभव कृष्ण ने सुदूरवर्ती और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। डीआईजी ने चंदौली के नौगढ़, चकरघट्टा थाना और चकिया कोतवाली का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निपटारे और जनता से बेहतर तालमेल बनाने के कड़े निर्देश दिए।
थानों के रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीआईजी वैभव कृष्ण ने थानों के महत्वपूर्ण अभिलेखों (रजिस्टर), लंबित विवेचनाओं, अपराध रजिस्टर और मालखाने की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की स्थिति को भी देखा, ताकि महिलाओं की शिकायतों का समय पर निपटारा हो सके। उन्होंने साफ कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए और हिस्ट्रीशीटरों व असामाजिक तत्वों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाए।
फरियादियों की समस्याओं का तुरंत होगा समाधान
डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि थाने आने वाले हर फरियादी के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण करना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम जनता के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना है, ताकि लोग बिना किसी डर के पुलिस के पास आ सकें।
जनसंवाद: व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
अपने दौरे के दौरान डीआईजी ने स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस जनसंवाद में क्षेत्र की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
डीआईजी वैभव कृष्ण का संदेश: "पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही एक मजबूत कानून- व्यवस्था की सबसे बड़ी कड़ी है। समाज को अपराध मुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग जरूरी है।"
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर स्थानीय लोगों ने डीआईजी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी अर्जुन सिंह और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। डीआईजी के इस औचक निरीक्षण और जनसंवाद को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


