TRENDING TAGS :
Chandauli News: रेलवे ट्रैक पार करते समय वृद्ध की दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर
Chandauli में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए वृद्ध की मौत, गांव में शोक की लहर
Chandauli News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पौरा रेलवे फाटक के आगे शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक वृद्ध की जान चली गई। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डिघवट गांव निवासी बालमुकुंद सिंह (लगभग 65 वर्ष) किसी कार्य से रेलवे लाइन के पास गए थे। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे कि अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनके दोनों पैर कट गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और रेलवे संबंधित अधिकारियों को दी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार बालमुकुंद सिंह गांव के सम्मानित और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी तीन पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वृद्ध की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
वहीं हादसे की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


