TRENDING TAGS :
Chandauli News: मेगा कैंप में उपभोक्ताओं को मिली राहत,15 बिल संशोधित, डेढ़ लाख रुपये जमा
Chandauli News: चंदौली के कमालपुर बिजली उपकेंद्र पर आयोजित मेगा कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। 15 बिजली बिल संशोधित किए गए और करीब डेढ़ लाख रुपये का बकाया बिल जमा कराया गया।
Chandauli News: चंदौली जनपद के कमालपुर बिजली उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विभाग की ओर से गुरुवार को मेगा कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण किया। कैंप के दौरान 15 उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में संशोधन किया गया, जबकि पांच उपभोक्ताओं का टैरिफ बदला गया। इसके अलावा छह उपभोक्ताओं के मीटर की पोस्ट रीडिंग की गई तथा सात उपभोक्ताओं की फॉल्ट संबंधी शिकायतों का समाधान किया गया। शिविर के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये के बकाया बिजली बिल भी जमा कराए गए।
मेगा कैंप में मौजूद एसडीओ कमालपुर सुधीर कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की ओर से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 31 अगस्त तक विभिन्न बिजली उपकेंद्रों पर ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में गलत बिजली बिल, बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, भार वृद्धि, मीटर परिवर्तन, खराब मीटर, स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याएं, विधा परिवर्तन तथा बकाया बिल जमा कराने जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने बताया कि कमालपुर उपखंड से जुड़े सभी उपभोक्ता निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होंगे। विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को आवाजापुर, 11 अगस्त को धानापुर, 12 अगस्त को रमौली, 13 अगस्त को कमालपुर तथा 14 अगस्त को आवाजापुर बिजली उपकेंद्र पर मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा।
एसडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि 31 अगस्त तक चलने वाले इन शिविरों के बाद विभाग बकायेदार उपभोक्ताओं, अवैध बिजली कनेक्शनधारियों तथा कटिया डालकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।मेगा कैंप के दौरान अवर अभियंता ओमप्रकाश गौतम, बाबू संदीप पाल, ऑपरेटर अमित कुमार, बिजेंद्र कुमार, जीएमआर आलोक कुमार यादव सहित लाइनमैन एवं बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय रहते अपनी समस्याओं का समाधान कराने और बिजली बिल नियमित रूप से जमा करने की अपील की।


