Chandauli News : ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे पूर्व सांसद,गड़ई नदी खुदाई में लापरवाही पर हुए नाराज

Chandauli News : ग्रामीणों की शिकायत पर गड़ई नदी की खुदाई का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, अनियमितताओं पर जताई नाराजगी

Ashvini Mishra
Published on: 18 May 2026 7:35 PM IST
Chandauli News : ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे पूर्व सांसद,गड़ई नदी खुदाई में लापरवाही पर हुए नाराज
X

Chandauli News 

Chandauli News : चंदौली जनपद के नियामताबाद क्षेत्र के महदेउर गांव में सोमवार को किसानों के बुलावे पर पहुंचे सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने गड़ई नदी की चल रही खेादाई का निरीक्षण किया। इस दौरान खुदाई कार्य में अव्यवस्था और अनियमितता देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नदी की खुदाई तय मानकों के अनुसार गहराई और चौड़ाई में होनी चाहिए, ताकि बारिश के समय जल निकासी सुचारु रूप से हो सके।

इस दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों से खुदाई कार्य में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके से ही मुख्य अभियंता से फोन पर वार्ता कर खुदाई कार्य को व्यवस्थित तरीके से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गड़ई नदी क्षेत्र के किसानों और आमजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बारिश के पहले नदी की सफाई और सही ढंग से खुदाई नहीं होने पर जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्व सांसद ने बताया कि पिछले वर्ष गड़ई नदी में जलनिकासी बाधित होने से बौरी, बुधवार, चंदाईत, हसनपुर, रामपुर, भरतपुर, महदेउर, रोहणा, नरैना और देवई खरगीपुर समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों की हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई थी। बाढ़ के कारण कई दिनों तक आवागमन भी प्रभावित रहा था। कहा कि समस्या को देखते हुए पिछले वर्ष किसानों के साथ लंबी पदयात्रा निकाली थी। अब कार्य शुरू हुआ है तो इसे पूरी गुणवत्ता और मानक के अनुरूप पूरा कराया जाना जरूरी है। इस मौके पर यासीन अहमद, तेजबली यादव, पारस बिंद, सुभाष, नंदू, अमरेश आदि मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story