TRENDING TAGS :
Chandauli News: निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की संदिग्ध मौत,परिजनों ने शव रखकर सड़क किया जाम
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड शेखर चौहान की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शव सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम कर दिया।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद अलीनगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड शेखर चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और निष्पक्ष जांच तथा मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।परिजनों का आरोप है कि शेखर चौहान की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की। सड़क पर शव रखे जाने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
प्रदर्शन के दौरान मृतक की भाभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने मृतक के छोटे बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। परिजनों ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार से उचित मुआवजा भी दिलाया जाए।मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजेश कुमार वर्मा और सीओ अरुण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए दो थानों की फोर्स समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही शेखर चौहान की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


