Chandauli News: जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का 12 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

Chandauli News: चंदौली में जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का 12 घंटे में खुलासा, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार और भारी रकम बरामद की।

Ashvini Mishra
Published on: 10 Oct 2026 7:50 PM IST
Chandauli News: जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का 12 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
X

Chandauli News: चंदौली जनसेवा केंद्र संचालक से रुपये से भरा बैग लूटने के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2 लाख 87 हजार 140 रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार, एक बाइक, सात मोबाइल फोन और चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार बसिला निवासी तंजीर अहमद कैलीमोड ओवरब्रिज के नीचे जनसेवा केंद्र चलाते हैं। इसकी एक शाखा बबुरी रोड स्थित जेबी पैलेस के पास भी है। 9 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह शाखा से ऑनलाइन पेमेंट का 2 लाख 62 हजार 866 रुपये कैश और दुकान के करीब 40 हजार रुपये लेकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। उनके बैग में दुकान की चाबी और एक्सिस, एचडीएफसी तथा एसबीआई के तीन एटीएम कार्ड भी थे।

इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे बदमाशों ने जबरन बैग छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि कार से एक अन्य बदमाश बंदूक लहराते हुए उतरा और जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार के पिछले हिस्से से तंजीर के सिर पर वार कर दिया। घायल होने के बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना के बाद पुलिस ने अंतर-थाना समन्वय स्थापित करते हुए चेकिंग अभियान शुरू किया। 10 अक्टूबर को अलीनगर पुलिस ने झांसी अंडरपास के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जनसेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक भागते समय उनकी स्विफ्ट डिजायर कार नहर की पुलिया के पास लोहे के सांकेतिक चिन्ह से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर पैदल कटसिला की ओर भाग रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु यादव, पियूष यादव उर्फ बाबू, मनीष यादव और अनुज यादव के रूप में हुई है। सभी वाराणसी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। मामले में कोतवाली चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 496/2026 के तहत धारा 310(2), 351(2), 317(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story