TRENDING TAGS :
Chandauli News: काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान गुंबद गिरा, PWD कर्मचारी की मौत, एक घायल
Chandauli News: चंदौली में काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान गुंबद गिरने से PWD कर्मचारी की मौत, एक घायल; जांच तक कार्रवाई रोकी गई
Chandauli Kali Temple News
Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रही कार्रवाई के बीच मंदिर का विशाल गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ध्वस्तीकरण का कार्य तत्काल रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन की देखरेख में काली मंदिर के ऊपरी हिस्से को हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बुलडोजर का बकेट गुंबद के एक हिस्से से टकरा गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और विशाल गुंबद अचानक दूसरी दिशा में गिर पड़ा। गुंबद की चपेट में आने से PWD कर्मचारी झुमरी उर्फ बलदेव (58), निवासी पड़ाव डांडी, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायल के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल ध्वस्तीकरण का कार्य रोक दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसे की जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


