Chandauli News: छोटी ईगो में टूटने वाली थी गृहस्थी, कंदवा पुलिस ने समझाइश से बचाया रिश्ता

Chandauli News: चंदौली के कंदवा में मिशन शक्ति टीम ने पारिवारिक विवाद सुलझाकर पति-पत्नी को साथ रहने के लिए राजी किया और एक गृहस्थी टूटने से बचाई।

Sunil Kumar
Published on: 12 Aug 2026 9:10 PM IST
Chandauli News: छोटी ईगो में टूटने वाली थी गृहस्थी, कंदवा पुलिस ने समझाइश से बचाया रिश्ता
X

Chandauli News: बात-बात पर अदालत के चक्कर काटना और बिना सोचे-समझे परिवारों को उजाड़ना आजकल का फैशन सा बनता जा रहा है। बात-बात पर घर की चहारदीवारी से निकलकर थाने तक पहुंचने वाले पारिवारिक विवाद इस बात की तस्दीक करते हैं कि लोगों में सहनशीलता खत्म हो रही है। लेकिन हर मामला सिर्फ एफआईआर दर्ज करने या जेल भेजने से हल नहीं होता। इसी सोच के तहत थाना कंदवा की मिशन शक्ति टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिखर रहे एक परिवार को फिर से जोड़कर राह पर ला खड़ा किया।

जब ईगो के आगे घुटने टेकने लगे थे पारिवारिक मूल्य

पारिवारिक कलह और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ में पति-पत्नी का रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच चुका था। पत्नी ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। अगर पुलिस सीधे मामला दर्ज कर लेती, तो एक हंसता-खेलता परिवार कानूनी दांव-पेच की भेंट चढ़ जाता। लेकिन 'मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0' के तहत कंदवा पुलिस ने दोनों पक्षों को समन भेजकर थाने बुलाया और कानूनी डंडा चलाने के बजाय उनकी गलतियों का आईना दिखाया।

गलती का अहसास और कड़ा सबक

मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को जमकर फटकार लगाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाया। पुलिस की इस कड़ाई और समझाइश का नतीजा यह रहा कि दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बेवजह की ईगो और गलतियों का अहसास हुआ। बिना किसी दबाव के, दोनों पति-पत्नी पुरानी कड़वाहट भूलकर एक-दूसरे का सम्मान करने और साथ रहने पर राजी हो गए।

कानून का डर भी, रिश्तों की कद्र भी

कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है, लेकिन कंदवा पुलिस ने यह साबित किया कि हर झगड़े की जगह जेल नहीं होती। पुलिस की इस सख्ती से एक टूटता हुआ रिश्ता फिर से बच गया। दोनों पक्षों को हिदायत दी गई है कि भविष्य में इस तरह की बचकानी हरकतों से दूर रहें और एक-दूसरे का सम्मान करें। आखिरकार राजी-खुशी जोड़े को परिजनों के साथ घर रवाना किया गया।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story