TRENDING TAGS :
Chandauli News: एलपीजी वितरकों का आंदोलन तेज,कैंडल मार्च निकाल कर दी चेतावनी
Chandauli News: चंदौली में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के आह्वान पर वितरक विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करेंगे। 5 अक्टूबर को कैंडल मार्च, 26 अक्टूबर को दिल्ली में धरना और मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आई) ने विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन के आह्वान पर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़े करीब 26 हजार एलपीजी वितरक आंदोलन में शामिल होंगे। आंदोलन के पहले चरण में 5 अक्टूबर को देशभर के जिला मुख्यालयों पर कैंडल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की जाएगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, इसके बाद ‘नो मनी, नो इंडेंट’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वितरक तेल कंपनियों के खातों में राशि जमा नहीं करेंगे और गैस का इंडेंट भी नहीं करेंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर के एलपीजी वितरक अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं।वितरकों की प्रमुख मांगों में होम डिलीवरी और प्रशासनिक शुल्क में 75 रुपये की वृद्धि करना शामिल है। इसके अलावा ई-केवाईसी कराने के एवज में प्रति उपभोक्ता 236 रुपये भुगतान की मांग की गई है। एसोसिएशन ने वितरकों पर पीएनजी लेने की अनिवार्यता संबंधी आदेश को वापस लेने की भी मांग उठाई है।
वितरकों का आरोप है कि तेल कंपनियों की ओर से चूल्हा, रबर ट्यूब, फायरवॉल, ट्रॉली समेत अन्य उत्पादों की बिक्री का दबाव बनाया जाता है। एसोसिएशन ने वितरकों के माध्यम से इन उत्पादों की जबरन बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव से मांगों पर तत्काल विचार कर समाधान कराने की अपील की है। वितरकों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत और काम के दबाव के बीच मौजूदा कमीशन एवं शुल्क व्यवस्था में काम करना मुश्किल हो रहा है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई है।


