Chandauli News मंदिर में अराजक तत्वों का तांडव, गणेश और शिव की प्रतिमाएं खंडित,पुलिस जांच में जुटी

Chandauli News: चंदौली के मैनपुर गांव में मंदिर में गणेश और शिव की प्रतिमाएं खंडित मिलने से हड़कंप, पुलिस ने जांच शुरू कर अराजक तत्वों की तलाश तेज की।

Ashvini Mishra
Published on: 11 Sept 2026 11:09 AM IST
Chandauli News मंदिर में अराजक तत्वों का तांडव, गणेश और शिव की प्रतिमाएं खंडित,पुलिस जांच में जुटी
X

Chandauli Temple Vandalism

Chandauli News: चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के मंदिर में अराजक तत्वों द्वारा गणेश और भगवान शिव की प्रतिमाओं को ईंट-पत्थर से खंडित किए जाने का मामला सामने आया। सुबह दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त हालत में देखा तो इसकी सूचना अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात लोगों ने रात के समय मंदिर परिसर में पहुंचकर ईंट-पत्थर से गणेश और शिव जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस द्वारा अराजक तत्वों की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गांव और मंदिर के आसपास अक्सर शराब के नशे में कुछ लोग उपद्रव करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराबियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगने के कारण इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में मंदिर की सुरक्षा और अराजक तत्वों पर कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story