Chandauli News: अंत्येष्टि से पहले विवाहिता का शव रोका गया, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया।

Ashvini Mishra
Published on: 4 Jun 2026 9:14 AM IST
Chandauli News: अंत्येष्टि से पहले विवाहिता का शव रोका गया, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मायके पक्ष ने विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव निवासी आरती (32) की शादी कुछ वर्ष पूर्व लोहरा गांव में हुई थी। उसका शव घर के एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। परिजनों ने जब उसे देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। विवाहिता की मौत के बाद परिवार के लोग बिना पुलिस व मायके पक्ष को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे।इसी बीच घटना की जानकारी आरती के मायके पक्ष को मिली। सूचना मिलते ही मायके वाले लोहरा गांव पहुंच गए और उन्होंने विवाहिता की मौत को संदिग्ध बताते हुए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। मायके पक्ष ने अंत्येष्टि का विरोध किया मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी हैं। वहीं, मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।इस संबंध में सीओ मुगलसराय अरुण सिंह ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story