Chandauli News : मेडिकल कॉलेज से ICU कर्मचारी की बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात

Chandauli News : चंदौली मेडिकल कॉलेज में ICU कर्मचारी की बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

Ashvini Mishra
Published on: 30 April 2026 6:17 PM IST
Chandauli News : मेडिकल कॉलेज से ICU कर्मचारी की बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात
X

Bike Theft at Chandauli Medical College Caught on CCTV

Chandauli News : चंदौली जनपद के सदर थाना क्षेत्र स्थित बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी का है, जहां ICU में कार्यरत एक कर्मचारी की नई मोटरसाइकिल को चोरों ने परिसर से ही पार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सभी जरूरी साक्ष्य, जिसमें CCTV फुटेज भी शामिल है, उपलब्ध कराए। बावजूद इसके, सदर थाना पुलिस की ओर से केवल जांच का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यही वजह है कि पीड़ित समेत अन्य लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मेडिकल कॉलेज परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आरोप है कि परिसर में अवैध पार्किंग का संचालन हो रहा है, जो चोरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

सुरक्षा के नाम पर कॉलेज में करीब 30 गार्ड और 5 रायफलमैन तैनात होने के बावजूद चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोर कैसे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।पीड़ित मुस्ताक अहमद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।

फिलहाल, पूरे मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story