मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के लिए विधवा से मांगे 30 हजार, पूर्व विधायक ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती

Chandauli News: चंदौली के बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में पैर के ऑपरेशन के नाम पर विधवा महिला से 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है।

Ashvini Mishra
Published on: 8 Aug 2026 3:22 PM IST
मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के लिए विधवा से मांगे 30 हजार, पूर्व विधायक ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के नाम पर विधवा महिला से 30 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित सिंह और सीएमओ से शिकायत की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया। इसके बाद पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी से भी मामले की शिकायत की। कोई समाधान नहीं होने पर उन्होंने विधवा को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं और गरीब व जरूरतमंद मरीजों से इलाज के नाम पर धन की वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना का उद्देश्य जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन यहां मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने और ऑपरेशन के नाम पर अवैध धन मांगने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं।बताया गया कि धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी पैर के ऑपरेशन के लिए करीब 10 दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक पंकज मौर्या महिला को ऑपरेशन थिएटर ले गए, जहां उनसे ऑपरेशन के लिए 30 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये देने में असमर्थता जताने पर उन्हें ऑपरेशन कक्ष से बाहर कर दिया गया। आरोप है कि महिला के पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर कई दिनों तक अस्पताल में रखा गया।

मामला प्रधानाचार्य और सीएमओ के संज्ञान में आने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक के यहां काम करने वाले मनोज नामक आउटसाइडर ने पहले 13 हजार और बाद में 10 हजार रुपये की मांग की। परेशान परिजनों ने पूर्व विधायक से मदद की गुहार लगाई।शनिवार को मनोज सिंह डब्लू मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। उनका आरोप है कि इसके बाद भी महिला का ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों के आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व विधायक ने सोमवार से मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story