Chandauli News: मिक्सर मशीन चालक की रीवा में हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Chandauli News: चंदौली के मिक्सर मशीन चालक की रीवा में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Ashvini Mishra
Published on: 14 Aug 2026 6:46 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के दुदौली गांव निवासी गौरीशंकर राजभर (43) की मध्य प्रदेश के रीवा में एक सड़क हादसे में मृत्यु होने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक रीवा में मिक्सर मशीन वाली ट्रक चलाते थे। उसी ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण वह पहाड़ी से सैकड़ों फीट नीचे गहरी खाई में गिर गये जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार को सायंकाल रीवा के मऊगंज क्षेत्र में हुई। गौरीशंकर सड़क निर्माण के लिए सीमेंटेड मैटेरियल गिराकर लौट रहे थे, तभी उनकी ट्रक का ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित ट्रक खाई में जा गिरी, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए और गौरीशंकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

गौरीशंकर के मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गौरीशंकर के बड़े भाई रमाशंकर राजभर और पुत्र आदित्य राजभर सहित कुछ रिश्तेदार शव लेने के लिए रीवा के लिए निकल गए हैं। शुक्रवार को दुदौली गांव स्थित उनके घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ लगी हुई है।

मृतक गौरीशंकर राजभर अपने पीछे पत्नी शीला राजभर, 20 वर्षीय पुत्री मुश्कान राजभर और 16 वर्षीय पुत्र आदित्य राजभर को छोड़ गए हैं। उनके पिता का नाम कतवारू राजभर और मां का नाम लालमनी है। गौरीशंकर ने अपनी बेटी मुश्कान की शादी अगले साल फरवरी में तय की थी और उसकी तैयारियों में जुटे थे। पत्नी शीला राजभर ने बताया कि गुरुवार को घटना से पहले उनकी पति से बात हुई थी, जिसमें उन्होंने 15 अगस्त की सुबह घर आने की बात कही थी। दुदौली के ग्राम प्रधान अरविंद राजभर ने गौरीशंकर को मिलनसार और मृदुभाषी बताया। उन्होंने शासन से मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story