TRENDING TAGS :
Chandauli News: एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, 30,211 मतदाता 10 केंद्रों पर करेंगे मतदान
Chandauli News: चंदौली में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 10 मतदान केंद्रों पर 30,211 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर चंदौली जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं।
चंदौली जिले में एमएलसी चुनाव के लिए कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 30,211 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को जोन और सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है।प्रशासन की ओर से पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रो की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ एक सेक्शन पीएसी की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से मतदान पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। प्रशासन ने मतदान सामग्री को सुरक्षित तरीके से केंद्रों तक पहुंचाने की भी तैयारी पूरी कर ली है।एमएलसी चुनाव में आम विधानसभा या लोकसभा चुनाव की तरह ईवीएम का इस्तेमाल नहीं होगा। यहां मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच चंदौली कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को वाराणसी के पहड़िया मंडी समिति भेजा जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पर प्रशासन की लगातार निगरानी रहेगी।


