TRENDING TAGS :
Chandauli News: मॉडल बाढ़ राहत चौकी का निरीक्षण किया, कटान प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
Chandauli News: राज्य मंत्री ने मॉडल बाढ़ राहत चौकी का निरीक्षण कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और तैयारियों की समीक्षा की।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के गंगा के तटवर्ती क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शुक्रवार को निरीक्षण किया।राज्य मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय नदेसर-मारूफपुर स्थित मॉडल बाढ़ राहत चौकी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हसनपुर तीरगांव निषाद बस्ती के कटान प्रभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सरकार और प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह मुस्तैद है।
उन्होंने कहा कि संभावित समस्याओं को पहले से चिन्हित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजनाएं तैयार कर ली गई हैं तथा संबंधित टेंडर प्रक्रियाएं भी पूरी की जा चुकी हैं। सरकार का उद्देश्य है कि आपदा की स्थिति में किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान बाबा कीनाराम वैष्णव मठ, रामशाला मारूफपुर के पुजारी तिलकधारी जी महाराज एवं दुर्गेश पाण्डेय ने राज्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर, विजय सिंह, कानूनगो बृजेश मिश्रा, लेखपाल चन्दन यादव एवं दिवस कुमार, एडीओ नित्यानंद सिंह, सचिव अतुल यादव, प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


