Chandauli News: नौगढ़ में बिजली का ‘अंधेरा राज’! दिन-रात कटौती से जनता परेशान

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में बिजली कटौती से जनता परेशान है। मेंटेनेंस और रोस्टिंग के नाम पर लगातार बिजली गुल हो रही है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और व्यापार भी ठप पड़ गया है।

Sunil Kumar
Published on: 8 Jun 2026 10:54 PM IST
Chandauli News: नौगढ़ में बिजली का ‘अंधेरा राज’! दिन-रात कटौती से जनता परेशान
X

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की जनता को निर्बाध बिजली सप्लाई मिले, लेकिन चंदौली जिले के अति-पिछड़े क्षेत्र नौगढ़ में बिजली विभाग ने व्यवस्था का मखौल उड़ा रखा है। नौगढ़ में कभी मेंटेनेंस तो कभी रोस्टिंग के नाम पर घंटों बिजली काटी जा रही है। भीषण गर्मी और उमस के इस दौर में यहाँ की जनता बिजली कटौती से बेहाल है। सरकारी वादे जमीनी हकीकत से कोसों दूर नजर आ रहे हैं और स्थानीय लोगों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

सुबह से रात तक सिर्फ शटडाउन का बहाना

नौगढ़ में बिजली कटौती का आलम यह है कि 8 जून को सुबह से लेकर देर रात तक रुक-रुक कर सप्लाई ठप रही। विभाग के व्हाट्सएप संदेश खुद इसकी गवाही दे रहे हैं। सुबह करीब 7:57 बजे देवदतपुर में पोल सीधा करने के नाम पर 'बरवाडीह फीडर' का शटडाउन ले लिया गया। अभी जनता इस कटौती से संभल भी नहीं पाई थी कि दोपहर 2:45 बजे 'टाउन फीडर' पर ट्रांसफार्मर चढ़ाने के नाम पर दोबारा बिजली गुल कर दी गई।

मौसम का बहाना और लेट-लतीफी का खेल

दोपहर बाद जैसे ही थोड़ी तेज हवा चली, विभाग ने सुरक्षा का हवाला देकर शाम 4:32 बजे 'आउटगोइंग फीडर' ही बंद कर दिया। हद तो तब हो गई जब रात के समय भी जनता को राहत नहीं मिली। रात 9:45 बजे से 10:45 बजे तक '11KV नौगढ़' और 'चकरघट्टा' फीडर पर कोड लेकर पूरे एक घंटे की आधिकारिक रोस्टिंग (कटौती) कर दी गई।

जनता बेहाल, व्यापार ठप

इस तरह सुबह से रात तक अलग-अलग फीडरों पर शटडाउन और रोस्टिंग के खेल ने नौगढ़ की जनता का जीना मुहाल कर दिया है। लगातार बिजली कटौती के कारण पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है और स्थानीय दुकानदारों व छोटे व्यापारियों का धंधा भी चौपट होने की कगार पर है। क्या बिजली विभाग के आला अधिकारी नौगढ़ की इस बदहाली का संज्ञान लेंगे या अति-पिछड़ा इलाका समझकर यहाँ की जनता को ऐसे ही उनके हाल पर छोड़ दिया जाएगा? यह एक बड़ा सवाल है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story