Chandauli News: नौगढ़ में पसही ग्रिड फेल होने से 139 गांवों में छाया अंधेरा

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में पसही ग्रिड फेल होने से 139 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 132 केवी पसही ग्रिड की खराबी के कारण नौगढ़ और चकरघट्टा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।

Sunil Kumar
Published on: 8 Sept 2026 11:00 PM IST
Chandauli News: नौगढ़ में पसही ग्रिड फेल होने से 139 गांवों में छाया अंधेरा
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का अति पिछड़ा और वनांचल क्षेत्र नौगढ़ इन दिनों भीषण बिजली संकट के मुहाने पर खड़ा है। दिनभर चलने वाली बिजली कटौती से लोग पहले ही हलकान थे, और अब रात के समय ग्रिड फेल होने से स्थिति और भी विकट हो गई है। पडोसी जिले सोनभद्र से मिलने वाली बिजली आपूर्ति में बरती जा रही लापरवाही के कारण क्षेत्र के 139 गांवों की एक बड़ी आबादी को रात के घोर अंधेरे में समय बिताने को मजबूर होना पड़ रहा है।

सोनभद्र से आपूर्ति और पुरानी व्यवस्था की याद

स्थानीय लाइनमैन और विभागीय कर्मचारी किसी भी तकनीकी खराबी को ठीक करने में दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन मुख्य आपूर्ति सोनभद्र जिले से संचालित होने के कारण समस्या पैदा होती है। सोनभद्र के अधिकारियों की कथित लापरवाही का खामियाजा नौगढ़ के निर्दोष ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले राशन की दुकानों से केरोसिन (मिट्टी का तेल) मिल जाता था, जिससे वे ढिबरी जलाकर घर रोशन कर लेते थे। अब केरोसिन न मिलने से ग्रामीणों के पास अंधेरे में रहने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है।

ट्रिपिंग और ग्रिड फेल से ठप हुई व्यवस्था

हालिया घटनाक्रम के अनुसार, 33 केवी पसही लाइन ट्रिप होने और राबर्ट्सगंज ट्रांसमिशन के अंतर्गत आने वाले 132 केवी पसही ग्रिड के पूरी तरह फेल हो जाने से पूरे क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। इस मुख्य खराबी के कारण चकरघट्टा पावर हाउस से भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई, जिससे वनांचल का पूरा क्षेत्र एक झटके में अंधेरे में डूब गया।

बिजली विभाग का पक्ष और अपील

मामले पर विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि राबर्ट्सगंज ट्रांसमिशन से मुख्य सप्लाई बाधित होने के कारण यह समस्या खड़ी हुई है। पसही ग्रिड में सप्लाई बहाल होते ही नौगढ़ और चकरघट्टा क्षेत्र की बिजली वापस चालू कर दी जाएगी। खराबी को दुरुस्त करने में कितना समय लगेगा, इसका कोई निश्चित समय तय नहीं है। कर्मचारियों ने क्षेत्रवासियों से धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story