चंदौली में बिजली संकट, 11 KV-33 KV फॉल्ट से नौगढ़ अंधेरे में डूबा, रोस्टिंग ने बढ़ाई मुसीबत

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में 11 KV और 33 KV लाइन में फॉल्ट आने से घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। मरम्मत के बाद भी रोस्टिंग के नए शेड्यूल ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

Sunil Kumar
Published on: 25 Jun 2026 11:04 PM IST
चंदौली में बिजली संकट, 11 KV-33 KV फॉल्ट से नौगढ़ अंधेरे में डूबा, रोस्टिंग ने बढ़ाई मुसीबत
X

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पहले 11 KV और फिर 33 KV मुख्य लाइन में आए फॉल्ट (ब्रेकडाउन) के कारण पूरा इलाका घंटों अंधेरे में डूबा रहा। जब देर शाम लाइन ठीक भी हुई, तो रोस्टिंग (कटौती) के नए शेड्यूल ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी।

सुबह-सुबह जला 11 KV का तार

बिजली संकट की शुरुआत तड़के ही हो गई थी। लाइनमैन हंसराज के मुताबिक, बरवाडीह फीडर में 11 KV का मुख्य तार जल गया था। इसके बाद देवदतपुर में फीडर को होल्ड कराकर मरम्मत का काम शुरू किया गया। बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह से ही प्रभावित इलाकों में सप्लाई बहाल करने की कोशिशों में जुट गए थे।

33 KV लाइन में बड़ा फॉल्ट, पेट्रोलिंग पर दौड़े कर्मचारी

अभी सुबह की समस्या पूरी तरह ठीक भी नहीं हुई थी कि शाम करीब 4:30 बजे पसही से आने वाली 33 KV की मुख्य सप्लाई में बड़ा ब्रेकडाउन आ गया। इसके चलते नौगढ़ और चकरघट्टा समेत दर्जनों गांवों की बत्ती पूरी तरह गुल हो गई। फॉल्ट का पता लगाने के लिए बिजली विभाग के एसएसओ विनोद और अन्य लाइनमैनों को तत्काल नौगढ़ से पसही और चकरघट्टा के जंगलों व रास्तों में पेट्रोलिंग के लिए दौड़ना पड़ा।

घंटों मशक्कत के बाद होल्ड हुई लाइन

शाम करीब 7:00 बजे तक बिजली कर्मचारियों की भारी मशक्कत के बाद पसही से नौगढ़ की 33 KV लाइन को आखिरकार होल्ड (दुरुस्त) कर लिया गया। अधिकारियों ने सूचना दी कि लाइन ठीक हो चुकी है, लेकिन सरकारी रोस्टर (बिजली कटौती का समय) लागू होने के कारण सप्लाई तुरंत शुरू नहीं की जा सकी।

रोस्टिंग के नए कोड ने बढ़ाई परेशानी

रात लगभग 7:15 बजे जैसे ही रोस्टर खत्म हुआ, ग्रामीण इलाकों की सप्लाई चालू की गई। लेकिन उपभोक्ताओं की यह राहत ज्यादा देर नहीं टिकी। रात 7:49 बजे विभाग द्वारा नया आदेश आया कि 11 KV नौगढ़ फीडर को रात 7:40 से 8:40 बजे तक रोस्टिंग के तहत बंद रखा जाएगा। इसके बाद रात 8:12 बजे दोबारा बिजली कोड बदल दिया गया, जिसके तहत अब रात 9:45 बजे के बाद ही सुचारू रूप से बिजली मिल सकेगी। इस बार-बार बदलते शेड्यूल और कटौती से स्थानीय उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story