TRENDING TAGS :
Chandauli News: नौगढ़ में रिलायंस के सीएनजी गैस कंटेनर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ थाना क्षेत्र में जयमोहनी पोस्ता के पास रिलायंस के सीएनजी गैस कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार सीताराम बिंद की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने रिलायंस परिसर से बरामद कर लिया।
Chandauli News
Chandauli News: सड़क पर बेखौफ दौड़ती भारी गाड़ियों की लापरवाही ने एक और मेहनतकश परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहनी पोस्ता के पास एक तेज़ रफ्तार रिलायंस कंपनी के CNG गैस कंटेनर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया और उसे कंपनी परिसर में छुपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।
काम निपटाकर घर लौट रहा था पीड़ित
सोनभद्र जिले के औरहवा बहुअरा निवासी सीताराम बिंद (40 वर्ष) कालीन बिनाई के लिए कच्चा मटेरियल सप्लाई करने का काम करते थे। सोमवार को वह चंदौली के तेंदुआ गांव में मटेरियल की डिलीवरी देकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जयमोहनी पोस्ता के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे CNG गैस कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीताराम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कंपनी में छुपाया कंटेनर
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से रुकने के बजाय तेजी से गांड़ी भगा ले गया। उसने पुलिस और कार्रवाई से बचने के लिए सीएनजी गैस कंटेनर को रिलायंस एनर्जी के परिसर में ले जाकर छुपा कर खड़ा कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की सूचना पाते ही नौगढ़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ हरकत में आए। छानबीन करते हुए पुलिस टीम रिलायंस कंपनी के अंदर पहुंची और वहां छुपाकर रखे गए रिलायंस एनर्जी के CNG गैस कंटेनर को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।उधर, गंभीर रूप से घायल सीताराम बिंद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉ. चंद्र कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


