चंदौली: मुगलसराय में सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में दांडी स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में बाइक सवार अनिमेष मिश्रा की मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Nov 2026 9:31 AM IST
चंदौली: मुगलसराय में सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम
X

Chandauli Mughalsarai Road Accident

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र के ग्राम दांडी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात दांडी गांव स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने किसी अज्ञात कारण से बाइक सवार युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जलीलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घायल की पहचान अनिमेष मिश्रा पुत्र स्वर्गीय सुरेश मिश्रा, निवासी ग्राम दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में की। इसके बाद पुलिस परिजनों के साथ युवक को लेकर तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंची, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

महज 26 वर्ष की उम्र में अनिमेष की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां और उम्मीदें थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बेटे को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है। वहीं, पुलिस ने शव के संबंध में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां इस दर्दनाक हादसे ने छीन लीं।

इस संबंध में थाना अध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हुई है मामले की जांच की जा रही है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story