Chandauli News: सड़क पर पलटा अनियंत्रित ऑटो, चालक की इलाज के दौरान मौत से मचा कोहराम

Chandauli News: चंदौली के बलुआ में निर्माणाधीन सड़क पर गिट्टी के कारण पलटा ऑटो। चालक की वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत से परिजनों में मचा कोहराम।

Ashvini Mishra
Published on: 1 Nov 2026 2:58 PM IST
Chandauli News: सड़क पर पलटा अनियंत्रित ऑटो, चालक की इलाज के दौरान मौत से मचा कोहराम
X

Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास रविवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक की वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार रामगढ़ में गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क अभी अर्धनिर्मित अवस्था में है और मार्ग पर जगह-जगह गिट्टी पड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ऑटो लेकर गुजर रहे चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) का वाहन सड़क पर पड़ी गिट्टी के कारण अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते ऑटो सड़क पर पलट गया।

हादसे में ऑटो चालक तिलकधारी गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।परिजन उन्हें लेकर वाराणसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद रविवार को उपचार के दौरान तिलकधारी गोस्वामी की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी कविता और दो पुत्रियां रितिका (10) तथा आर्या (8) को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि तिलकधारी ही परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। स्थानीय लोगों ने अर्धनिर्मित सड़क पर पड़ी गिट्टी और निर्माण सामग्री को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण के दौरान यातायात सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story