TRENDING TAGS :
Chandauli News: हड़ताल के बीच रविवार को खुलेंगे बैंक, आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत
Chandauli News: चंदौली में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के बीच 27 सितंबर, रविवार को बैंक खुले रहेंगे। ग्राहकों को बैंकिंग कार्य निपटाने का अतिरिक्त मौका मिलेगा।
Chandauli News
Chandauli News: बैंक ग्राहकों के लिए एक बहुत ही राहत भरी खबर आई है। बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बीच ग्राहकों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। इस फैसले के तहत 27 सितंबर (रविवार) को सभी बैंक खुले रहेंगे। आमतौर पर रविवार को बैंकों में छुट्टी रहती है, लेकिन लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप न हों, इसलिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार को कामकाज चालू रखने की विशेष अनुमति दी है। इससे चंदौली सहित देशभर के आम नागरिकों और कारोबारियों को अपने जरूरी पैसे से जुड़े काम निपटाने का एक अतिरिक्त मौका मिल जाएगा।
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के बीच राहत
दरअसल, 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहते और 27 सितंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी थी। इसके तुरंत बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की देशव्यापी हड़ताल तय है। अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार के अनुसार, यदि रविवार को बैंक न खुलते तो लगातार पांच दिनों तक काम पूरी तरह ठप हो जाता। रविवार को बैंक शाखाओं के साथ-साथ करेंसी चेस्ट और एटीएम से जुड़ी शाखाएं सामान्य रूप से काम करेंगी, जिसके लिए जनपद चंदौली के सभी बैंकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डिजिटल सेवाओं और एटीएम पर नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उत्तर प्रदेश) ने ग्राहकों के लिए एक और राहत का ऐलान किया है। 28 से 30 सितंबर की हड़ताल की अवधि के दौरान यदि कोई ग्राहक दूसरे बैंक के एटीएम से भी पैसे निकालता है, तो उससे कोई अतिरिक्त शुल्क (एक्स्ट्रा चार्ज) नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही यूपीआई (UPI), एनईएफटी (NEFT), आरटीजीएस (RTGS) और आईएमपीएस (IMPS) जैसी डिजिटल सेवाएं बिना किसी रुकावट के 24 घंटे चालू रहेंगी।
डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की अपील
बैंक प्रशासन ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल के दिनों में नकदी और अन्य जरूरी वित्तीय लेन-देन के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, व्हाट्सएप बैंकिंग और अपने नजदीकी बैंक मित्र (BC) का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।


