TRENDING TAGS :
Chandauli News : चेकिंग के दौरान 18 लीटर अवैध शराब के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
Chandauli News : इलिया थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिहार निवासी युवक को अवैध शराब और बाइक सहित गिरफ्तार किया।
Chandauli News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की इलिया थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 18 लीटर अवैध देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर काली माता मंदिर के पास चेकिंग के दौरान की गई। पकड़ा गया आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार का रहने वाला है, जहां पूर्ण शराबबंदी लागू है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इलिया थाना प्रभारी चन्दन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बाइक से अवैध शराब लेकर गुजरने वाला है। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए इसरगोडवा गांव के पास स्थित काली माता मंदिर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
जांच करने पर पुलिस ने बाइक से 18 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 22 वर्षीय दिनेश कुमार के रूप में हुई है, जो कि ग्राम शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इलिया थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी दिनेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी है, जिसके कारण वहां ऊंचे दामों पर शराब बिकती है। वह उत्तर प्रदेश से सस्ते दामों पर चोरी-छिपे शराब खरीदता था और उसे बिहार ले जाकर बेच देता था। आरोपी ने दावा किया कि इस अवैध धंधे से मिलने वाले मुनाफे से ही वह अपनी रोजी-रोटी चलाता था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक साहबदीन यादव, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह और हेड कांस्टेबल कल्लन यादव शामिल रहे।


