Chandauli: गूंजा चंदौली पर्यटन का मुद्दा, दर्शना सिंह ने स्वदेश दर्शन 2.0 में शामिल करने की मांग की

Chandauli News: राज्यसभा में सांसद दर्शना सिंह ने चंदौली के राजदारी-देवदरी जलप्रपात व चंद्रप्रभा अभयारण्य को स्वदेश दर्शन 2.0 में शामिल करने की मांग की।

Ashvini Mishra
Published on: 10 Aug 2026 9:42 PM IST
Chandauli: गूंजा चंदौली पर्यटन का मुद्दा, दर्शना सिंह ने स्वदेश दर्शन 2.0 में शामिल करने की मांग की
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली की निवासिनी राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने राज्यसभा में आज विशेष उल्लेख के दौरान चंदौली के चकिया-नौगढ़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के समग्र पर्यटन विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि इस प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक क्षेत्र को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत शामिल किया जाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे यहाँ के पर्यटन को नई दिशा और गति मिल सके।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं और चंद्रप्रभा नदी से आच्छादित यह क्षेत्र अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और समृद्ध जैव विविधता के लिए पूरे उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह वही ऐतिहासिक भूमि है, जिसकी पृष्ठभूमि पर महान साहित्यकार देवकी नंदन खत्री ने अपना अमर उपन्यास चंद्रकांता लिखा था, जिससे यह क्षेत्र सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाता है।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। सरकार द्वारा यहाँ ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नेचर सेंटर, ऑडिटोरियम तथा पर्यटकों के ठहरने के लिए कॉटेज जैसी सुविधाएँ विकसित की गई हैं, जो एक सकारात्मक पहल है। लेकिन अब आवश्यकता है कि इन सुविधाओं का विस्तार किया जाए और उनका बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यहाँ आने वाले पर्यटकों को उच्च स्तरीय सुविधाएँ मिल सकें और पर्यटन को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश के कोने-कोने में पर्यटन, ग्रामीण विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि यदि राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना से जोड़ा जाता है, तो यहाँ ईको-टूरिज्म और होम-स्टे मॉडल को वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सकेगा। इससे स्थानीय युवाओं को गाइड, टैक्सी सेवा, होटल प्रबंधन और अन्य पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे उनके पलायन पर रोक लगेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं को भी पर्यटन स्थलों पर कैंटीन संचालन, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और हस्तशिल्प के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। इससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने अपने वक्तव्य में चंदौली की पहचान “धान का कटोरा” बताते हुए कहा कि यहाँ का ब्लैक राइस, जो ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ योजना में शामिल है, और प्रसिद्ध आदमचीनी चावल, जिसे वर्ष 2023 में GI टैग प्राप्त हुआ है, पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। इसके साथ ही यहाँ की पारंपरिक जरी-जरदोज़ी कला भी अपनी उत्कृष्टता के लिए जानी जाती है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से इन सभी स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग को मजबूती मिलेगी, जिससे किसानों, बुनकरों और कारीगरों को बेहतर बाजार और आय के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही एग्री-टूरिज्म और हस्तशिल्प आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

अंत में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने पर्यटन मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि जनपद चंदौली के इस महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत शामिल किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे पूर्वांचल के इस सुंदर क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा उत्तर प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती प्राप्त होगी।

धन्यवाद।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story