Chandauli News: DDU जंक्शन पर त्योहारों पर यात्रियों की भीड़, चलायी जाएंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेने

Chandauli News: दीपावली और छठ पर्व पर DDU जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़, DRM ने किया निरीक्षण, गया और पटना के लिए चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें।

Sunil Kumar
Published on: 7 Nov 2026 7:13 PM IST
Chandauli  News: DDU जंक्शन पर त्योहारों पर यात्रियों की भीड़, चलायी जाएंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेने
X

Chandauli News: चंदौली के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर दीपावली और छठ पर्व को लेकर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उनका सफर सुरक्षित रहे, इसके लिए खुद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीना ने स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने प्लेटफार्मों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों की सुविधा के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं।

गया और पटना के लिए चलेंगी अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनें

स्थानीय यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखते हुए DDU जंक्शन से गया और पटना की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए गएहैं। यदि प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या अधिक पाई जाती है, तो रेलवे तुरंत स्थानीय स्तर पर फैसला लेकर अतिरिक्त पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।ये अनारक्षित ट्रेनें स्थानीय यात्रियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होंगी, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।

सीसीटीवी और लाउडस्पीकर से लगातार निगरानी

स्टेशन पर उमड़ने वाली भीड़ पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लगातार प्लेटफार्मों पर घूमें और यात्रियों से सीधा संवाद करें।

यात्रियों को उनकी सही ट्रेन और प्लेटफार्म की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर से लगातार घोषणाएं (Announcements) की जा रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन आने के समय ही प्लेटफार्म पर पहुंचें ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।

सुरक्षा और टिकट जांच के कड़े इंतजाम

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को तैनात किया गया है। जवानों का मुख्य फोकस यह देखना है कि यात्री सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में चढ़ें और उतरें, और कोई भी पायदान (Footboard) पर खड़े होकर यात्रा न करे।

इसके साथ ही, टिकट चेकिंग स्टाफ को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल वैध टिकट वाले यात्रियों की यात्रा सुनिश्चित करें और आरक्षित डिब्बों में बिना टिकट या अवैध प्रवेश को रोकें।

रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप और सीनियर डीसीएम राजीव रंजन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन त्योहार के इस सीजन में यात्रियों के सुरक्षित और सुगम सफर के लिए लगातार नजर बनाए हुए है और हरसंभव यात्री सुविधाएं मुहैया करा रहा है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story