TRENDING TAGS :
चंदौली: डीएम ने पिलाई दो बूंद जिंदगी की खुराक, पोलियो अभियान शुरू; 3.07 लाख बच्चों का लक्ष्य
Chandauli News: चंदौली में डीएम शैलेश कुमार ने विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। जिले में 3,07,618 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
Chandauli News: चंदौली जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमसीएच विंग में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत जनपद में कुल 3,07,618 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पोलियो दिवस के अवसर पर कुल 976 बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 38 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं, जो निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की 616 टीमे,घर-घर जाकर दवा पिलाने का अभियान चलाएंगी। ये टीमें उन परिवारों तक पहुंचेंगी, जिनके बच्चे किसी कारणवश बूथ पर नहीं पहुंच पाएंगे। विभाग का प्रयास है कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो से बचाव के लिए पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से दवा पिलाएं।ताकि भारत को पोलियो मुक्त भारत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिभावकों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, ताकि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही पोलियो की खुराक पिलाने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए हैं। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां कुछ परिवार पोलियो की दवा पिलाने में आनाकानी या विरोध करते हैं।
उन्होंने बताया कि नियामताबाद ब्लॉक के दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में विशेष प्रयास किए जाएंगे। ऐसे परिवारों को जागरूक करने और बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों का सहयोग भी लिया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ए.के. दूबे, जय प्रकाश सिंह, भीम सिंह, जेएसआई, मनीष कुमार, कंप्यूटर असिस्टेंट, कोल्ड चेन टेक्नीशियन सहित यूनिसेफ के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


