TRENDING TAGS :
Chandauli News: कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक, कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
Chandauli News: चंदौली कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के राष्ट्रीय पर्व को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और अधिकारियों को समय पर सारी तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए गए।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
सुबह 7:00 बजे: स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
सुबह 7:30 बजे: क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन होगा।
सुबह 8:00 बजे: कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी, गैर-सरकारी भवनों और स्कूलों में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान होगा।
सुबह 8:15 बजे से 9:00 बजे तक: चंदौली नगर पंचायत, सैयदराजा और सकलडीहा (बरठी) स्थित शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा।
सुबह 9:30 बजे: धानापुर शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण व सलामी दी जाएगी। साथ ही जिला अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को फल बांटे जाएंगे।
शाम 7:00 बजे: नगर पालिका परिषद मुगलसराय में सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का होगा विशेष सम्मान
बैठक में तय किया गया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी भूतपूर्व और शहीद सैनिकों के घर जाकर उनके परिजनों का हाल-चाल लेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। इसके अलावा पूरे जिले में पौधरोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
साफ-सफाई और सजावट के कड़े निर्देश
अधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सभी उप-जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न कराएं। साथ ही सभी सरकारी दफ्तरों में विशेष साफ-सफाई और तिरंगे रंग की प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित करने को कहा गया है।


