TRENDING TAGS :
Chandauli: कस्तूरबा विद्यालय की बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, अफसरों ने दी लापरवाही पर सख्त चेतावनी
Chandauli News: चंदौली के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नियामताबाद में छात्राओं का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। एनीमिया समेत अन्य समस्याओं की जांच कर दवाएं दी गईं और लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी गई।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (नियामताबाद) में शनिवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सख्त निर्देशों के बाद हरकत में आए प्रशासन ने विद्यालय की छात्राओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान मेडिकल टीम ने बालिकाओं का हीमोग्लोबिन, बीएमआई (BMI) और आंखों की जांच की। जांच में जिन छात्राओं में खून की कमी (एनीमिया) और मौसमी बीमारियों के लक्षण दिखे, उन्हें तुरंत नि:शुल्क दवाएं, आयरन-फॉलिक एसिड और मल्टीविटामिन उपलब्ध कराए गए।
अफसरों का सीधा संदेश: स्वच्छता और पोषण से समझौता नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आवासीय विद्यालयों में रहने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और खान-पान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बेसिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को तालमेल बनाकर पूरे जिले के कस्तूरबा विद्यालयों में रोस्टर के हिसाब से जांच शिविर चलाने का फरमान जारी किया है।
उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने वार्डन और स्कूल स्टाफ को स्वच्छता व भोजन के मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।शिविर में डॉक्टरों ने बालिकाओं को हाथ धोने की सही तकनीक, किशोरावस्था के शारीरिक बदलावों और संतुलित आहार के प्रति जागरूक भी किया।प्रशासन के इस कड़े और समयबद्ध रुख से ढुलमुल रवैया अपनाने वाले कर्मचारियों में हड़कंप है, वहीं अभिभावकों ने इस कदम का स्वागत किया है।


