TRENDING TAGS :
Chandauli News: तीन दिन से लापता युवक का गंगा में उतराया मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
Chandauli News: चंदौली के कुरहना गांव से तीन दिन से लापता 24 वर्षीय युवक का शव गुरैनी गंगा घाट पर मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव से तीन दिन पहले लापता हुए 24 वर्षीय युवक का शव शनिवार की शाम धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर नदी में उतराया मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक की पहचान प्रवेश कुमार (24) पुत्र रामकुमार राम, निवासी कुरहना गांव, थाना अलीनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रवेश पिछले तीन दिनों से लापता था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। परिजनों को आशंका थी कि युवक गंगा नदी की ओर गया हो सकता है। इसी कारण उसके चचेरे भाई राजेंद्र राम सहित परिवार के लोग कई दिनों से गंगा किनारे उसकी तलाश कर रहे थे।शनिवार की शाम गुरैनी गंगा घाट के पास कुछ महिलाएं मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर नदी में उतराए एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देने पर महिलाओं ने इसकी जानकारी आसपास मौजूद ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
शव मिलने की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं से मिली सूचना के आधार पर राजेंद्र राम गुरैनी घाट पहुंचे। उन्होंने नदी में उतराए शव को देखा तो उसकी पहचान अपने चचेरे भाई प्रवेश कुमार के रूप में की। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। युवक के गंगा में पहुंचने और डूबने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।युवक की मौत की खबर मिलते ही कुरहना गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


