TRENDING TAGS :
चंदौली: PM आवास योजना 2.0 की दूसरी किस्त जारी, 461 लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 4.61 करोड़
Chandauli News: प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत चंदौली के 461 पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंची दूसरी किस्त, 4.61 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर।
Chandauli News: चंदौली जिले के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए अपना पक्का मकान बनाने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 1,15,616 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में ₹1,156.16 करोड़ की राशि जारी की है। इसमें चंदौली जिले के 461 पात्र परिवारों के खातों में 4.61 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई है, जिससे वे अपने निर्माणाधीन मकानों का काम तेजी से पूरा कर सकें।
चंदौली में योजना का लेखा-जोखा
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा के अनुसार, चंदौली जनपद में योजना को पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। जिले की वर्तमान स्थिति इस प्रकार है:
पहली किस्त: चंदौली के 836 पात्र लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 1-1 लाख रुपये (कुल ₹8.36 करोड़) की राशि पहले ही दी जा चुकी है।
दूसरी किस्त: पहली किस्त से मानक के अनुसार काम पूरा करने वाले 461 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में भी 1-1 लाख रुपये (कुल ₹4.61 करोड़) अवमुक्त कर दिए गए हैं।
समय पर निर्माण पूरा करने पर मिलेगी 50 हजार की तीसरी किस्त
मंत्री जी ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे मिली हुई धनराशि का इस्तेमाल सिर्फ तय मानकों के अनुसार घर बनाने में करें। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा करने पर लाभार्थियों को तीसरी किस्त के रूप में ₹50,000 की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
साथ ही, डूडा (DUDA) चंदौली के परियोजना अधिकारी ने भी जिले के सभी लाभार्थियों से अपने-अपने आवासों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया है।
बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख
सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ पाने के लिए किसी भी लाभार्थी को किसी अधिकारी, कर्मचारी या बिचौलिए को कोई शुल्क या कमीशन देने की आवश्यकता नहीं है। यदि चंदौली या प्रदेश में कहीं भी किसी लाभार्थी से अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है, तो शिकायत मिलने पर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गरीबों के सम्मान से जुड़ी योजना
मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सिर्फ मकान बनाने का काम नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नींव है। सरकार का संकल्प है कि हर पात्र परिवार को उसका अपना पक्का घर मिले और किसी का शोषण न हो।


