TRENDING TAGS :
Chandauli News: कैसे पूर्ति विभाग में होता है प्रार्थना पत्रों का निस्तारण व गोलमाल? शिकायत उठा लो न
Chandauli News: चंदौली के चहनिया ब्लॉक में राशन कार्डों में कथित अनियमितताओं और मृतकों के नाम पर राशन वितरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
Chandauli News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील अंतर्गत चहनिया ब्लॉक के पूर्ति निरीक्षक पर पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है। जिससे पूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता ने महिला पूर्ति निरीक्षक पर जांच के नाम पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोटेदार को बचाने व भ्रष्टाचार को लेकर एसडीएम कुंदन राज कपूर को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता बुल्लू यादव का आरोप है कि नदेसर ग्राम पंचायत में पिछले तीन वर्षों से कोटेदार आपूर्ति विभाग की मिलीभगत से मृत व्यक्तियों के नाम पर राशन का वितरण कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम राशन कार्ड से हटाने के बजाय नए सदस्यों के नाम जोड़कर यूनिट बढ़ाई जा रही है, जिससे सरकारी खाद्यान्न का दुरुपयोग हो रहा है।बुल्लू यादव के अनुसार गांव की निवासी शकुंतला और सहदेई की करीब दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद दोनों के राशन कार्ड सक्रिय हैं। आरोप है कि 16 जून को शकुंतला के कार्ड में दो तथा सहदेई के कार्ड में चार नई यूनिट जोड़ दी गईं, जिससे दोनों कार्डों में कुल छह-छह यूनिट दर्ज हो गईं। शिकायतकर्ता ने इसे विभागीय अनियमितता और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत का कोटेदार आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद अंत्योदय योजना का लाभ ले रहा है। शिकायत के मुताबिक कोटेदार के पास तीन कपड़ों के शोरूम, पर्याप्त कृषि भूमि, ट्रैक्टर समेत अन्य संसाधन मौजूद हैं और वह आयकर भी जमा करता है। इसके बावजूद उसे अंत्योदय कार्ड के साथ-साथ तीन पात्र गृहस्थी राशन कार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके माध्यम से वह प्रतिमाह लगभग 120 किलोग्राम खाद्यान्न प्राप्त करता है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने जिलाधिकारी, एसडीएम तथा संपूर्ण समाधान दिवस में इस मामले की शिकायत की, तो जांच के लिए पहुंची महिला पूर्ति निरीक्षक ने उन्हें ही शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि निरीक्षक ने चेतावनी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो उनकी मां का राशन कार्ड बंद कर दिया जाएगा।मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी बासुदेव तिवारी ने कहा कि प्राप्त शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


