Chandauli News: DDU रेल मंडल में 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' का बड़ा अभियान, 80 शातिर चोर गिरफ्तार

Chandauli News: डीडीयू रेल मंडल में आरपीएफ ने 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों और स्टेशनों पर चोरी करने वाले 80 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

Sunil Kumar
Published on: 19 Jun 2026 10:05 PM IST
Chandauli News: DDU रेल मंडल में ऑपरेशन यात्री सुरक्षा का बड़ा अभियान, 80 शातिर चोर गिरफ्तार
X

Chandauli News

Chandauli News: पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ा अभियान चलाया है। 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत आरपीएफ ने इस साल मई महीने तक ट्रेनों और स्टेशनों से सामान चुराने वाले कुल 80 शातिर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पिछले साल के मुकाबले 63 फीसदी अधिक है, जो यात्रियों की सुरक्षा के प्रति आरपीएफ की मुस्तैदी को दर्शाती है।

डीडीयू रेल मंडल के अलग-अलग पोस्ट से हुई गिरफ्तारियां

मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देशन और वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के नेतृत्व में आरपीएफ की अलग-अलग चौकियों ने इन चोरों को दबोचा है। गिरफ्तारियों का विवरण इस प्रकार है:

गया आरपीएफ पोस्ट:सबसे ज्यादा 47 अपराधी पकड़े गए।

डेहरी ऑन सोन पोस्ट: 18 चोरों को गिरफ्तार किया गया।

डीडीयू (मुगलसराय) पोस्ट: 08 अपराधियों को दबोचा गया।

सासाराम और रफीगंज पोस्ट: दोनों जगहों से 03-03 चोर पकड़े गए।

जपला पोस्ट: 01 अपराधी को चोरी के सामान के साथ दबोचा गया।

सीसीटीवी और मुखबिरों के जाल से टूटी चोरों की कमर

आरपीएफ ने इस बड़ी सफलता के लिए आधुनिक तकनीक और अपने सूचना तंत्र का बेहतरीन इस्तेमाल किया। स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर, गुप्तचरों (मुखबिरों) को सक्रिय कर और संदिग्धों पर लगातार पैनी नजर रखकर इन अपराधियों को पकड़ा गया। पकड़े गए बदमाशों में कई ऐसे शातिर अपराधी भी शामिल हैं, जो पहले भी कई रेल चोरियों में लिप्त रहे हैं। आरपीएफ ने इन सभी को कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया है।

रेलवे सुरक्षा बल की यात्रियों से अपील

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही आरपीएफ ने रेल यात्रियों से भी सहयोग की अपील की है।यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान पर हमेशा नजर रखें। यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत आरपीएफ को सूचित करें। इसके लिए रेलवे के मुफ्त हेल्पलाइन नंबर 139पर कॉल करें या पास के आरपीएफ जवान को बताएं।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story