Chandauli News: वर्दी में सड़क पर हंगामा? वायरल वीडियो के बाद जांच के घेरे में कांस्टेबलb

Chandauli News:चंदौली में हाईवे पर कांस्टेबल का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए, सीओ करेंगे जांच।

Ashvini Mishra
Published on: 15 Jun 2026 9:51 AM IST
Chandauli News:  वर्दी में सड़क पर हंगामा? वायरल वीडियो के बाद जांच के घेरे में कांस्टेबलb
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एक पुलिस कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वर्दीधारी कांस्टेबल हाईवे की सर्विस लेन पर राहगीरों और यात्रियों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं, जिनमें कांस्टेबल के शराब के नशे में होने तथा राहगीरों को रोककर उनसे उलझने के आरोप शामिल हैं।

वायरल वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि वीडियो बनाए जाने के दौरान कांस्टेबल लोगों से विनम्रता बरतने और उन्हें "छोटा भाई" कहकर समझाने का प्रयास कर रहा है। वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि कांस्टेबल ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नेमप्लेट को भी ढंकने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चर्चाओं में कांस्टेबल का नाम आलोक रंजन बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली ने तत्काल संज्ञान लिया है। एसपी के निर्देश पर पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरन सिंह को सौंप दी गई है।

वहीं पुलिस विभाग का कहना है कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाएगी। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर ने बताया कि संबंधित कांस्टेबल डायल-112 की पीआरवी टीम से जुड़ा हुआ है और उसकी तैनाती मुगलसराय थाना क्षेत्र में है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटनाक्रम की परिस्थितियों तथा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story