TRENDING TAGS :
Chandauli News: विवाह की खुशियां मातम में बदली,बाराती की मौत से मचा कोहराम
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के तिरगांवा गांव के समीप रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बरात में आए 72 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के तिरगांवा गांव के समीप रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बरात में आए 72 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। विवाह की खुशियां मातम में बदल गई।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के तराव गांव निवासी राजकुमार राम (72) पुत्र बरखु एक बारात में शामिल होने के लिए बलुआ थाना क्षेत्र के हसनपुर तिरगांवा गांव आए थे। रविवार की देर रात वह किसी कार्य से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं अंधेरा होने और सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण मृतक का शव कई अन्य वाहनों की चपेट में भी आ गया, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बलुआ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई ।अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित मार्गों पर भी जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक बाराती नहीं था। इस हृदयविदारक घटना से बारात की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।


