Chandauli News: हवा लेना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आई विवाहिता, मौत से मचा कोहराम

Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के रोहणा गांव में पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से 22 वर्षीय विवाहिता सोनी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Jun 2026 8:17 PM IST
Chandauli News: हवा लेना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आई विवाहिता, मौत से मचा कोहराम
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के रोहणा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 22 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है। जवान महिला की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार रोहणा गांव निवासी राधेश्याम बिंद की पत्नी सोनी (22) शुक्रवार दोपहर में अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान वह कमरे में लगे पंखे का प्लग बिजली के बोर्ड में लगा रही थी। बताया जाता है कि पंखे में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के समय घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। कुछ देर बाद घर की एक बच्ची सोनी को बुलाने पहुंची तो उसे जमीन पर बेसुध पड़ा देखकर घबरा गई और शोर मचाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सोनी की हालत गंभीर देख परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से जैसे ही महिला की मौत की सूचना गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार बदहवास हो गए। बताया जाता है कि सोनी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व राधेश्याम बिंद से हुई थी। उसका एक वर्ष का मासूम पुत्र भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद पति का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सूचना मिलने पर अलीनगर पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से महिला की मृत्यु हुई है। परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस दर्दनाक हादसे ने गांव के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story