Chandauli News: शव लेकर जा रहे वाहन की ट्रक में हुई टक्कर, मची चीख पुकार, एक दर्जन से अधिक घायल

Chandauli News :चंदौली में शव लेकर जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, हादसे में 15 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

Ashvini Mishra
Published on: 26 May 2026 9:17 AM IST
Chandauli News: शव लेकर जा रहे वाहन की ट्रक में हुई टक्कर, मची चीख पुकार, एक दर्जन से अधिक घायल
X

Chandauli road accident

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखारीपुर गांव के समीप एनएच-19 पर बीती रात्रि को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रही एक मैजिक वाहन तेज रफ्तार के कारण आगे चल रही ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहीं इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन में सवार सभी लोग बिहार के भभुआ जनपद स्थित भगवानपुर मसही गांव के निवासी थे। परिवार के एक सदस्य के निधन के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भिखारीपुर गांव के समीप एनएच-19 पर यह बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैजिक काफी तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वह आगे चल रही ट्रक से जा टकराई।

वहीं दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।वहीं इस हादसे के चलते कुछ देर के लिए एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। घटना के बाद घायलों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story